अंबेडकरनगर। जिले में पशु आहार बनाने वाली चार फैक्टरियों पर बृहस्पतिवार को कृषि विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान कहीं भी कृषि कार्य में प्रयोग की जाने वाली यूरिया का इस्तेमाल नहीं मिला।
जिले में पशु आहार बनाने वाली चार फैक्टरियां संचालित हैं। पशु आहार बनाने के लिए टेक्निकल ग्रेड यूरिया का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन शासन को शिकायत मिली थी कि इन इकाइयों में कृषि कार्य में प्रयोग की जाने नीम कोटेड यूरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है।
शासन के आदेश के क्रम में पूरे प्रदेश के साथ जिले में चारों फैक्टरियां पर छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी व उनकी टीम ने मेसर्स पद्मा इंटरप्राइजेज बड़ागांव जलालपुर, अयांस पोल्ट्री फीड त्रिमुहानी बसखारी, पीसीडीएफ लिमिटेड कैटल फीड खानजहांपुर अकबरपुर व आरएन फीड ककरडिला सैदापुर में जांच की। डीएओ ने बताया कि कहीं भी नीम कोटेड यूरिया का इस्तेमाल नहीं होते पाया गया।