अंबेडकरनगर। जिले के 130 राजस्व गांवों की ढाई लाख से अधिक आबादी के लिए बड़ी खुशखबरी है। जलजीवन मिशन के तहत 44 परियोजनाओं का संचालन अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह तक शुरू हो जाएगा। ऐसे में भीषण गर्मी में संबंधित क्षेत्र के लोगों को परेशान होने से राहत मिलेगी। लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से लगभग बनकर तैयार 44 ओवरहेड टैंक व 80 से अधिक ट्यूबवेल से अंडरग्राउंड पाइपलाइन के माध्यम से लोगों के घरों तक पानी पहुंचने लगेगा।
शहरी क्षेत्र की तरह ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की पेयजल समस्याओं को दूर करने के लिए जलजीवन मिशन के तहत जिले में कुल 571 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसमें कार्यदायी संस्था विंध्या टेली लिंक के जिम्मे 509 जबकि वेल स्पेन के पास 62 परियोजनाएं हैं। बीते दिनों ही 15 परियोजनाएं पूर्ण हो गई थीं। इसमें 12 विंध्या टेली लिंक जबकि तीन परियोजना वेल स्पेन द्वारा पूरी गईं। इन परियोजनाओं से जलापूर्ति भी शुरू कर दी गई है।
इन सबके बीच अब 44 परियोजनाएं भी लगभग पूरी हो गई हैं। इसमें विंध्या टेली लिंक की 40 जबकि वेल स्पेन की चार परियोजनाएं शामिल हैं। जलनिगम कार्यालय के अनुसार लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से 44 ओवरहेड टैंक जबकि 80 से अधिक ट्यूबवेल तैयार होने के साथ ही अंडरग्राउंड पाइपलाइन भी बिछा दी गई है। इन परियोजनाओं से 130 राजस्व गांवों में पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। ऐसे में लगभग ढाई लाख की आबादी को गर्मी से पहले ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने लगेगा।
इन जगहों पर चल रहा ट्रायल
अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में सुचारु रूप से घर-घर पानी पहुंचाने के लिए ट्रायल का कार्य प्रारंभ हो गया है। जलनिगम कार्यालय के अनुसार जोगापुर, लक्ष्मणपुर, बसहियां, चतुरीपट्टी, भियांव, मठिया, भीखपुर खुर्द, रहीमपुर पट्टी, भूलेपुर, तकिया कानूनगो, सया, दिलावलपुर, जैतपुर, मकोड़या, कुड़िया चितौना, इटवा, हथिनाराज, नसीरपुर चितौना, अलावलपुर, जैनापुर, भिटौरा, सेठाकला, हरदिया जलाल, कल्याणपुर, रामगढ़, हमजापुर, हुसेनपुर समेत 44 परियोजनाओं का ट्रायल चल रहा है।
जल्द पूरा करने के निर्देश
15 परियोजनाएं पूर्व से संचालित हैं जबकि 44 परियोजनाओं से अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। शेष परियोजनाओं को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। - सूरज वर्मा, अधिशासी अभियंता जलनिगम