अंबेडकरनगर। लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से जिलाधिकारी कार्यालय में जनता दर्शन की शुरुआत हो गई। कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने आने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनीं। साथ ही समस्याओं के निस्तारण का निर्देश जिम्मेदारों को दिया।
बताते चलें कि कोरोना संकट को देखते हुए संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस के साथ जनता दर्शन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। इस बीच बीते कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण में तेजी से कमी आई है। जिसे देखते हुए लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से बुधवार से जिलाधिकारी कार्यालय में जनता दर्शन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कोरोना प्रोटोकॉल के बीच बुधवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान एक बार में एक ही फरियादी को कक्ष में प्रवेश करने दिया जा रहा था। जाने से पहले उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। मास्क की अनिवार्यता भी सुनिश्चित की गई। जनता दर्शन के दौरान जलालपुर तहसील क्षेत्र निवासी सोनरावती देवी ने कहा कि उसकी पुराने छप्पर को विपक्षी नहीं बनाने दे रहे हैं। इस पर डीएम ने सीओ जलालपुर को निर्देशित करते हुए कहा कि न्यायालय के निर्देश का शत-प्रतिशत पालन कराते हुए तीन दिन में आख्या प्रस्तुत करें। इस दौरान एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अतिरिक्त एसडीएम भरतलाल सरोज आदि मौजूद रहे।