अंबेडकरनगर। टांडा विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्त के विरुद्घ मुकदमा दर्ज होने पर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने एसपी को पत्र देकर कहा कि मामले में अविलंब फाइनल रिपोर्ट लगाई जाए।
इस बीच उद्योग व्यापार मंडल ने भी केस दर्ज होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि अविलंब केस समाप्त कर जिम्मेदार कोटेदार पर कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापार मंडल समूचे जिले में राशन व अन्य दुकानें पूरी तरह बंद कर देगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
गौरतलब है कि बसखारी के एक कोटेदार बीते दिनों टांडा विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू व उनके सहयोगियों में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराते हुए पिटाई का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इसी प्रकरण को लेकर एक तरफ जहां कोटेदार पूरी तरह लामबंद हैं, वहीं अब श्यामबाबू के पक्ष में विश्व हिंदू परिषद ने मोर्चा संभाला है।
जिला संरक्षक रामआशीष मिश्र ने एसपी को पत्र देकर केस दर्ज होने को अन्याय करार दिया है। कहा कि श्यामबाबू गुप्त समाज के एक जिम्मेदार नागरिक हैं। उन्होंने जनता के हक पर डाका डालने वाले कोटेदार के विरुद्घ आवाज उठाई थी, लेकिन उसे गलत ढंग से पेश कर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इसे संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। एसपी को पत्र देकर प्रतिनिधि के विरुद्घ दर्ज मुकदमे को स्पंज कराकर कोटेदार का कोटा निरस्त कराए जाने की मांग की है।
उधर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिवकुमार गुप्त के नेतृत्व में ऑनलाइन माध्यम से पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को हुई। पदाधिकारियों कहा कि टांडा विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्त के विरुद्घ दर्ज मुकदमा पूरी तरह से गलत है। वे हमेशा समाज हित के लिए तत्पर रहते हैं। बीते दिनों प्रशासन को एक पत्र देकर प्रतिनिधि के विरुद्घ दर्ज मुकदमे को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका है। यदि जिला प्रशासन उनकी मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं करता तो ऐसी स्थिति में जिले के व्यापारी अपने प्रतिष्ठान को बंद कर आंदोलन करने पर विवश होंगे।
वक्ताओं ने कहा कि यदि व्यापारी कोरोना वायरस को दृष्टिगत रखते हुए समाज हित में कार्य कर रहे हैं तो वे अपने पदाधिकारी के बचाव के लिए पूरे जिले में व्यापार बंद कर आंदोलन करने को विवश होंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग बैठक के दौरान प्रदेश मंत्री संतोष अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, प्रदीप कुमार गुप्त, नरेंद्र अग्रहरि, अभिमन्यु अग्रहरि व विपिन जायसवाल आदि मौजूद रहे।