आलापुर (अंबेडकरनगर)। रामनगर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुर सराय में सरकारी राशन की दुकान पर ग्रामीणों ने सोमवार को घटतौली के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कोटेदार पर मनमानी करने का आरोप लगाया। कहा कि घटतौली के चलते उन्हें पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव के रामप्रकाश, बच्चूलाल, अरुण कुमार, विजय, अच्छेलाल, कैलाशी देवी, संगीता आदि का कहना है कि कोटेदार द्वारा लगातार राशन वितरण में मनमानी की जा रही है। कोटेदार द्वारा अक्सर दुकान दोपहर बाद दो से शाम छह बजे तक ही खोली जाती है। इस समय अधिकांश लोग काम के लिए निकलते हैं। इससे उन्हें राशन लेने में दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार कोटे से राशन भी नहीं दिया जाता। अन्त्योदय कार्डधारकों को 35 किलो राशन के बजाए 30 किलो ही दिया जाता है। आपत्ति जताने पर ग्रामीणों के साथ अभद्रता की जाती है। ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने पर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।