अंबेडकरनगर। बहुजन क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहे पर सीएए व एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ते समय पुलिस ने उन्हें रोक लिया। धारा 188 के तहत जिलाध्यक्ष समेत 398 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लाइन ले जाने के बाद निजी मुचलके पर सभी को रिहा कर दिया गया। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को बहुजन क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ता पुराने तहसील तिराहा के पास इकट्ठा हो गए। नागरिक संशोधन कानून व सीएए के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश को जाति धर्म के नाम पर बांटना चाहती है। इस कानून के लागू होने से नफरत ही फैलेगी। इससे देश के नागरिकों का हक मारा जाएगा। ऐसे में इस कानून को तत्काल वापस लिए जाने की जरूरत है। वक्ताओं ने कहा कि सीएए से देश में अस्थिरता आ गई है। बेरोजगारी बढ़ रही है। युवा सड़कों पर है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। रुपया गिरता जा रहा है। देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह धराशायी हो गई है। इन समस्याओं से जूझ रहे देश को उभारने की बजाए एनआरसी व सीएए लागू कर देश को क्षति पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
इस बीच एकजुट कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की तरफ कूच करने की कोशिश की तो वहां पहले से ही बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें आगे बढने से रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने इसके बाद भी आगे बढने की कोशिश की, तो शांतिभंग के उल्लंघन में धारा 188 के तहत पुलिस ने 398 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। बसों के माध्यम से पुलिसकर्मी उन्हें लेकर पुलिस लाइन चले गए। यहां बाद में सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
इससे पहले मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर अभिषेक पाठक को सौंपा। उधर कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि धारा 188 के तहत सीओ सदर धर्मेंद्र सचान की मौजूदगी में 398 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया था, जहां से निजी मुचलके पर सभी को रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी देने वालों में जयप्रकाश, विकास, जितेंद्र राजभर, राकेश, लालजी गौतम, रमाशंकर, ओमप्रकाश निगम, विकास सक्सेना, लालमणि व संदीप आदि शामिल रहे।