आलापुर में स्वागत द्वार पर ढंकी गई पूर्व सीएम अखिलेश यादव की तस्वीर।
आलापुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक त्रिभुवन दत्त की ओर से विधायक निधि से लगाए गए डॉ. भीमराव आंबेडकर व अन्य महापुरुषों के नाम पर लगाए 10 स्वागत द्वार पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय भाजपा नेताओं ने इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। विरोध के बाद निर्माण कार्य देख रहे ठेकेदार ने तत्काल फोटो को ढंकवा दिया है। इसके बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि महापुरुषों से जुड़े निर्माण कार्यों का राजनीतिक उपयोग नहीं होना चाहिए। साथ ही क्षेत्र में महापुरुषों की स्मृति में लगाए जा रहे स्वागत द्वारों को अच्छी पहल भी बताया। विधायक त्रिभुवन दत्त ने कहा कि महापुरुषों के नाम पर सम्मान जारी रहेगा, इसमें किसी के विरोध का कोई फर्क नहीं पड़ता। स्वागत द्वार समाज को प्रेरणा देने के उद्देश्य से लगाए जा रहे हैं।