जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र जलालपुर में संरक्षित पशु का मांस फेंककर सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर आई और एक पुल के पास से करीब तीन क्विंटल मांस बरामद किया। अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
सुबह पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के शारदा सहायक नहर के खूर्मल्लीपुर पुल के पास मांस पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और मांस को बोरों में भरा। इसकी जानकारी होते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि संरक्षित पशुओं का वध करके मांस यहां फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मांस के नमूने को मथुरा लैब जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि यह किस पशु का मांस है। फिलहाल केस दर्ज करके प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जल्द मामले में कार्रवाई की जाएगी।
संरक्षित पशुओं की हो रही तस्करी
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार संरक्षित पशुओं की तस्करी बड़े पैमाने पर की जा रही है। पशुओं की हत्या करके स्लाॅटर हाऊस भेजा जाता है। एक साल पहले ही रामगढ़ रोड पर पशुओं से भरा ट्रक बरामद किया गया था, ऐसे में स्थानीय पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। कई लोग तो यहां तक कह रहे हैं कि पशुओं की तस्करी का खेल पुलिस की मिलीभगत के चलते हो रहा है। इस तरह पशुओं का मांस फेंककर सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश की गई है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जरूरत है।