पहले तो ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक तीनों गुमटियां जलकर राख हो गईं। घटना में लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक पट्टी गांव निवासी रामपाल पुत्र श्रीराम की पट्टी चौराहे पर चाय पान की दुकान है। प्रतिदिन की तरह रविवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात अचानक उसकी गुमटी में आग लग गई। इर्दगिर्द की दुकानों पर सो रहे लोगों की आंख खुली, तो उन्होंने गुमटी को आग की लपटों से घिरा देखा।
इससे उनमें हड़कंप मच गया। पहले ग्रामीणों ने स्वयं ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन जब आग ने बगल स्थित भरतराज पुत्र केसरी की चायपान की दुकान को भी चपेट में ले लिया, तो फायर ब्रिगेड टीम को सूचित किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जाता तब न सिर्फ रामपाल व भरतराज की गुमटियों के साथ ही एक चूड़ी की दुकान भी जलकर राख हो गई। पीड़ितों ने बताया कि आग से उनकी लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है। आग के कारणों का पता नहीं चल सका था।