19 दिन चले अभियान में दर्ज हुई लगभग 19 हजार शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित 19 हजार किसानों ने 19 दिन तक चले वृहद अभियान में त्रुटियां दूर कराने के लिए आवेदन किया। 9922 किसानों की समस्याओं को दूर किया गया। अभियान के दौरान लगे शिविर में न सिर्फ ईकेवाईसी की गई बल्कि आधार की सीडिंग व खतौनी की फीडिंग करने के साथ नए खाते भी खोले गए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का जिले के शत-प्रतिशत किसानों को लाभ दिलाने के लिए 22 मई से 10 जून तक विशेष अभियान चला। जगह-जगह लगाए गए शिविरों में मौजूद कृषि विभाग व डाकघर के कर्मचारियों के साथ ही ग्राम प्रधानों व सचिवों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उन्हें निस्तारित भी किया।
लगभग चार लाख किसान जिले में हैं। इनमें से एक लाख 13 हजार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। कारण यह है कि किसी की ईकेवाईसी नहीं है तो किसी के आधार की सीडिंग व खतौनी की फीडिंग नहीं हुई है। इसके अलावा खातों में गड़बड़ी के चलते भी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
कृषि विभाग कार्यालय के अनुसार, 19 दिन तक चले वृहद संतृप्त अभियान में 18 हजार 909 किसानों ने विभिन्न प्रकार की गड़बड़ियों को दूर करने के लिए आवेदन किया। नौ हजार 922 किसानों की समस्याओं का निस्तारण कर दिया गया। शेष का निस्तारण तेजी से किया जा रहा है। उधर, जिला कृषि उपनिदेशक पीयूष राय ने बताया कि जिन किसानों की समस्याओं का निस्तारण होना शेष है उनका समाधान भी शीघ्र ही कर दिया जाएगा।