कलेक्ट्रेट सभागार में दिव्यांगों की समस्याएं सुनते अधिकारी।
अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को दिव्यांगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संयुक्त मोबाइल कोर्ट का आयोजन हुआ। इसमें भारत सरकार के आयुक्त दिव्यांगजन एस. गोविंदराज व राज्य आयुक्त प्रो. हिमांशु शेखर झा भी शामिल हुए। कोर्ट में 340 दिव्यांगजनों की समस्याओं को सुना गया। प्रमुख मुद्दों में आवास, शौचालय, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, ट्राइ साइकिल, व रोजगार से संबंधित मामले शामिल रहे। मौके पर ही मेडिकल बोर्ड द्वारा 23 दिव्यांगजनों को प्रमाणपत्र जारी किए गए। आरपीडब्ल्यूडी अधिनियम के तहत दिव्यांगजनों को सुलभ न्याय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बारे जानकारी दी। इस अवसर पर उपायुक्त भारत सरकार प्रवीण कुमार अंबस्थ, उपायुक्त प्रदेश सरकार शैलेंद्र सोनकर, सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल, एडीएम न्यायिक रंजीत सिंह, उपनिदेशक दिव्यांगजन विनीता यादव, पीडी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतिभा यादव सहित अनेक विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।