नगरपालिका में स्वच्छ त्योहार और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की बैठक में मौजूद अधिकारी व कर्मचारी। पालि
अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर के सभागार में बुधवार को स्वच्छ त्योहार-2026 और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर जोर दिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के मंडल कार्यक्रम प्रबंधक वैभव पांडेय ने सभी कूड़ा वाहनों की जीपीएस से निगरानी करने और गूगल मैप के माध्यम से रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों से एकत्रित सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग कर सीधे एमआरएफ सेंटर पहुंचाया जाए। वहां कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वार्डों में क्लीनिंग टारगेट यूनिट (सीटीयू) की शत-प्रतिशत सफाई कराने और सफाई नायकों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ईओ राजमणि वर्मा ने बताया कि दीपावली, भाई दूज, छठ पूजा और देव दीपावली को स्वच्छ त्योहार-2026 के रूप में मनाया जाएगा। सभी आयोजनों को जीरो वेस्ट और जीरो प्लास्टिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। छठ पूजा के दौरान घाटों, पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा स्वच्छ टॉयलेट अभियान और आरआरआर सेंटर का संचालन भी होगा।
उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था की डीसीसीसी के माध्यम से प्रतिदिन निगरानी की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। बैठक में एसएफआई अनुश्री श्रीवास्तव, अवर अभियंता शैलेंद्र सिंह और हृदयानंद यादव मौजूद रहे।