अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका ने शहरवासियों को सीवर के पानी और जल प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। इस योजना के तहत नगर पालिका ने तमसा नदी किनारे अहरिया वार्ड में लगभग सात बीघा भूमि पर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का निर्णय लिया है।
नगर पालिका के अनुसार, इस परियोजना में लगभग पचास करोड़ रुपये का निवेश होगा। निर्माण पूरा होने के बाद नगर के लोगों को लंबे समय से परेशान कर रहे जमे नालों की बदबू और कीचड़ से राहत मिलेगी। वर्तमान में नगर के 48 नालों का पानी सीधे तमसा नदी में गिरता है, जिससे नदी का जल दूषित हो रहा है।
इस योजना को लंबे समय से लागू करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन पर्याप्त भूमि न मिलने के कारण प्रक्रिया बाधित रही। अब अहरिया वार्ड में जमीन मिलने के बाद यह योजना साकार होने की दिशा में बढ़ गई है।
प्रभारी कार्यपालक अधिकारी विशाल सारस्वत ने बताया कि भूमि का चयन मानकों के अनुसार किया गया है और अब इसके बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।