अंबेडकरनगर। गेहूं की सरकारी खरीद के लिए खाद्य एवं विपणन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शासन के निर्देशानुसार जिले में गेहूं खरीद के लिए 70 क्रय केंद्र बनाए जाएंगे। इस बार सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की है, जिससे अब किसानों को 2585 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा।
संभावना है कि गेहूं की खरीद प्रक्रिया एक मार्च से शुरू हो जाएगी। जिले में इस बार लगभग 98 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बोआई की गई है। विभिन्न एजेंसियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर विचार करने के बाद, डीएम अनुपम शुक्ला ने फिलहाल 70 केंद्रों को मंजूरी दे दी है। इनमें सबसे अधिक संख्या पीसीएफ के केंद्रों की होगी।
दूसरे चरण में केंद्रों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। जिससे किसानों को अपने गांव के नजदीक ही गेहूं बेचने के अधिक विकल्प मिल सकें। गौरतलब है कि पिछले वर्ष जिले में कुल 85 केंद्रों के माध्यम से गेहूं की खरीद की गई थी।
जिले में गेहूं की सरकारी खरीद के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से अब तक 70 क्रय केंद्रों को मंजूरी दे दी गई है, जहां एक मार्च से खरीद शुरू होने की संभावना है। अभी अन्य एजेंसियों से भी केंद्रों के प्रस्ताव आने शेष हैं, जिन्हें अगले चरण में शामिल किया जाएगा। इससे केंद्रों की संख्या में और वृद्धि होगी, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा हो सके।
गोरखनाथ त्रिपाठी , डिप्टी आरएमओ