बीते दिनों हुए ग्राम प्रधान चुनाव में निर्वाचित हुए 930 ग्राम प्रधानों के सापेक्ष जो 300 ग्राम प्रधान विभिन्न कारणों से शपथ नहीं ग्रहण कर सके थे, उन्हें मंगलवार को सादे समारोह में संबंधित विकास खंड कार्यालयों में शपथ ग्रहण कराई गई। 630 ग्राम प्रधानों ने बीते दिनों ही शपथ ग्रहण की थी। सभी ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण करने के बाद अब ग्राम पंचायतों में विकास कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
बताते चलें कि बीते दिनों 930 ग्राम पंचायतों में हुए ग्राम प्रधान के चुनाव में नवनिर्वाचित हुए ग्राम प्रधानों में सभी विकास खंडों में 300 ऐसी भी ग्राम पंचायतें थीं, जहां कोरम पूर्ण न होने के चलते संबंधित ग्राम प्रधान शपथ नहीं ग्रहण कर सके थे। इसके चलते संबंधित ग्राम पंचायतों में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हुए थे। बीते दिनों ग्राम पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद लगभग सभी ग्राम पंचायतों में कोरम पूर्ण हो गया। इसके बाद मंगलवार को जिले के सभी नौ विकास खंड अकबरपुर, कटेहरी, भीटी, जलालपुर, भियांव, जहांगीरगंज, रामनगर, बसखारी व टांडा में सादे समारोह में शेष बचे ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई गई।
अकबरपुर विकास खण्ड में 136 के सापेक्ष 84 ग्राम प्रधानों को पूर्व में शपथ ग्रहण कराई जा चुकी थी। शेष 52 ग्राम प्रधानों को मंगलवार को खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार ने सादे समारोह के दौरान दिलाई। इस दौरान एडीओ पंचायत राजेंद्र, सूर्यबली, अजय कुमार, सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।