अंबेडकरनगर। जिले में शनिवार दोपहर आई तेज आंधी और बारिश से एक बार फिर बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक फाॅल्ट, फ्यूज उड़ने और तारों पर पेड़ों की टहनियां गिरने से 100 से अधिक गांवों और कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही।
दोपहर करीब 12 बजे बारिश शुरू होते ही अकबरपुर के शहजादपुर और मरैला क्षेत्र में फ्यूज कटने से एक दर्जन से अधिक मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। वहीं, साउथ वेस्ट फीडर के शिव बाबा और कटेहरी क्षेत्र में फ्यूज व जंपर खराब होने से 30 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए। करीब एक घंटे बाद बिजली कर्मियों ने फाॅल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल की।
महरुआ क्षेत्र में स्थिति और गंभीर रही। नसीरपुर वेस्ट और पतौना फीडर से जुड़े लगभग 50 गांवों की आपूर्ति सुबह 11 बजे शुरू हुई थी, लेकिन एक घंटे बाद ही आंधी-बारिश के चलते फिर ठप हो गई। पतौना और वेस्ट फीडर की आपूर्ति तो कुछ समय बाद बहाल हो गई लेकिन नसीरपुर फीडर के कई गांवों में बिजली तारों पर पेड़ों की टहनियां गिरने से आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रही। हीड़ी पकड़िया, किशनीपुर सरखने, आदमपुर, हुसैनपुर, जमालपुर, आनंद नगर, खजूरी और नेनुआ समेत करीब 15 गांवों के उपभोक्ताओं को तीन घंटे तक बिजली का इंतजार करना पड़ा। विभागीय टीम ने टहनियां हटाकर और लाइन दुरुस्त कर दोपहर करीब तीन बजे आपूर्ति बहाल की।
यहां भी बिजली गुल
जलालपुर तहसील क्षेत्र के नेवादा विद्युत उपकेंद्र के फीडर बंदीपुर निवासी विनय सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर 12:00 से विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी, जो शाम को चालू हो सकी। नगर पालिका में दो घंटे तक आपूर्ति ठप रही। सुलेमपुर व हीरापुर फीडर के एकडल्ला, चौबे का पूरा, मिश्रौलिया, हीरापुर, रामपुरबेनीपुर, अजमेरी बादशाह पुर, फत्तेपुर, जल्लापुर की सप्लाई लगभग पांच घंटे बाधित रही। बसखारी के औझीपुर उपकेंद्र के फीडरों के 30 गांवों में तीन घंटे बिजली नहीं रही।
रात में ओवरलोडिंग ने किया परेशान
शुक्रवार रात भी ओवरलोडिंग के कारण बिजली संकट बना रहा। रात नौ बजे कुर्की विद्युत उपकेंद्र ओवरलोड होने से बंद हो गया, जिससे 30 से अधिक गांवों की आपूर्ति प्रभावित हुई। करीब एक घंटे बाद रात 10 बजे बिजली बहाल हो सकी। वहीं, साउथ वेस्ट बिजलीघर भी रात 10:40 बजे ओवरलोड के चलते बंद हो गया और करीब एक घंटे बाद 11:40 बजे आपूर्ति सुचारू हो सकी। बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई।
ठीक कराए गए फॉल्ट
बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर बिजली लाइनों पर पेड़ों की टहनियां गिरने और अन्य तकनीकी फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। सभी फाॅल्ट दूर कराकर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।
- रजनीश श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता