विभिन्न क्षमता के 15 से अधिक ट्रांसफार्मरों के बिगड़ने व तार टूट जाने से अकबरपुर, जलालपुर व आलापुर ब्लॉक क्षेत्रों में तकरीबन 24 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे लगभग 33 हजार आबादी पूरी रात अंधेरे में रही। दरअसल ओवरलोड होने के चलते ये ट्रांसफार्मर शनिवार दोपहर से लेकर देर शाम तक जवाब दे गए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि ट्रांसफार्मरों की खराब गुणवत्ता के चलते ही यह स्थिति उत्पन्न होती रहती है। नाराजगी जताते हुए कहा कि शासन का जर्जर तारों व उपकरणों को बदलवाने की तरफ ध्यान ही नहीं है। गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मरों के फुंकने का सिलसिला चरम पर होने के बाद अब ठंड का मौसम शुरू होने पर भी विद्युत उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है।
कारण यह कि जर्जर उपकरणों पर ही जिले की अधिकांश विद्युत आपूर्ति निर्भर है। जब तब इसका खामियाजा हजारों उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। बीते दिनों ही राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में तार टूटने से आपूर्ति ठप रही। उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया था, तब जाकर चार दिन बाद आपूर्ति बहाल हो पाई थी। अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की समस्या उत्पन्न होती रहती है।
इस बीच अकबरपुर तहसील के बेवाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को तार टूटने के चलते आधा दर्जन से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ गई। लगभग 12 हजार आबादी इससे शनिवार पूरी रात अंधेरे में रही। विद्युत उपकेंद्र पर सूचना देने के बाद भी रविवार दिन में आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। जलालपुर के सुरहुरपुर क्षेत्र में भी तार टूटने से शनिवार देर शाम से लगभग छह हजार आबादी अंधेरे में है।
यहां जौनपुर की तरफ से आ रहे किसी वाहन ने शाम को एक विद्युत खंभे में ठोकर मार दी जिससे तार टूटकर गिर पड़ा। अकबरपुर विकास खंड क्षेत्र के बनगांव रोड क्षेत्र व इल्तिफातगंज रोड क्षेत्र में शनिवार दोपहर से देर रात के बीच तीन ट्रांसफार्मर जवाब दे गए। इससे लगभग चार हजार की आबादी को पूरी रात बिजली नहीं मिल पाई। बसखारी व अकबरपुर के बीच कुर्कीबाजार के निकट दो ट्रांसफार्मर फुंक गए।
इससे लगभग तीन हजार की आबादी 20 घंटे से बिना बिजली के है। आलापुर विधानसभा क्षेत्र में राजेसुल्तानपुर, नरियांव व शुकुलबाजार क्षेत्र के भी चार ट्रांसफार्मरों ने इसी अवधि में उपभोक्ताओं का साथ छोड़ दिया। इससे भी लगभग तीन हजार आबादी प्रभावित हुई। उधर, जिले के भीटी, महरुआ, इल्तिफातगंज, ऐनवां आदि क्षेत्र में छह ट्रांसफार्मर शनिवार को बिगड़ गए।
इससे लगभग पांच हजार आबादी को पूरी रात विद्युत आपूर्ति के बिना ही रहना पड़ा। अकबरपुर के अमित चतुर्वेदी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक जर्जर हो चुके उपकरणों को ठीक नहीं कराया जाता, आपूर्ति में सुधार नहीं हो सकता।
अकबरपुर के ही शहाब परवेज व रईस अहमद ने कहा कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही है लेकिन संबंधित अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। जलालपुर के राधेश्याम व संतोष ने कहा कि ट्रांसफार्मर की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता।
इसके चलते ही ट्रांसफार्मर अक्सर जवाब दे जाते हैं। पावर कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया किट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। साथ ही जर्जर तारों को बदलवाने का भी कार्य चल रहा है। उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।