अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी बेपटरी हो गई है। बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों का दिन का चैन और रात की नींद उड़ा दी है। बिजली विभाग के मेंटेनेंस के दावे झूठे नजर आ रहे हैं। बुधवार की रात से बृहस्पतिवार शाम तक शहर के कई मोहल्लों के साथ पूरे जिले में बिजली कटौती से लोग बेहाल रहे।
बैरमपुर बरवा बिजली घर से शहर के एक दर्जन मोहल्लों के अलावा 30 से अधिक गांव की एक लाख से अधिक आबादी को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बीते माह इस बिजली घर से शहरी क्षेत्र मीरानपुर आंशिक, मिर्जापुर, तमसा मार्ग, फायर स्टेशन सहित एक दर्जन मोहल्लों के लिए नई बिजली लाइन चालू कराई गई थी। पिछले चार दिनों से अकबरपुर-अयोध्या मार्ग के नाका चुंगी पर बार-बार जर्जर केबल जल रही है। इससे 24 घंटे में तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं को मिल पा रही है।
बुधवार की दोपहर तीन बजे जली केबल को बिजली कर्मियों ने ठीक किया। एक घंटे आपूर्ति चलने के बाद दोबारा आपूर्ति बाधित हो गई। पूरी रात हर 20 मिनट में बिजली कट जा रही, जिसके चलते उपभोक्ता रातभर सो नही सके। नाकाचुंगी निवासी शिवशंकर सिंह ने बिजली विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया है।
इंद्रलोक कॉलोनी में लगा 400 केवीए ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते ट्रिप होकर बंद होता रहा, जिससे उपभोक्ता आक्रोशित हो उठे। सुबह यहां एक अतिरिक्त मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया गया। इसके अलावा नगर के तमसा मार्ग डोएन स्कूल के पास बिजली की केबल सुबह 10 बजे जल गई, जिसके बाद इससे संचालित कुंज गली व तमसा मार्ग की दो हजार आबादी की बिजली गुल हो गई। दोपहर तीन बजे फाॅल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल कराई जा सकी। वीआईपी फीडर पर दिन भर में एक दर्जन से अधिक बार ट्रिपिंग हो रही है।
ग्रामीण इलाकों में भी गंभीर संकट
सुलेमपुर संवाद के मुताबिक विद्युत उपकेंद्र मुबारकपुर से संचालित सुलेमपुर व हीरापुर फीडर से जुड़े 50 से अधिक गांवों की बिजली की हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। 18 घंटे के बजाय दो से तीन घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। भीटी संवाद के अनुसार विद्युत उपकेंद्र सेनपुर से 30 गांव की करीब 25 हजार आबादी को बिजली दी जाती है। बुधवार रात नौ बजे अचानक आपूर्ति ठप हो गई। बृहस्पतिवार सुबह तीन बजे आपूर्ति बहाल हुई। इसके बाद एक घंटे बाद चार बजे भोर में दोबारा चली गई। तीन घंटे की कटौती के बाद सुबह सात बजे आपूर्ति सुचारू हुई। आधे घंटे के बाद विद्युत सप्लाई एक बार फिर गुल हो गई। यह सिलसिला पूरे दिन जारी रहा।
आलापुर डिवीजन के औझीपुर उपकेंद्र से मुंडेरा, तुरसमपुर, नौरहनीरामपुर, फाजिलपुर उसका, तिलकारपुर, नरकटा बैरागीपुर, हरदासपुर, फरीदपुर, हंसवर, भूलेपुर आदि गांवाें में रात में सिर्फ दो घंटे ही आपूर्ति हो रही है। राजेसुल्तानपुर संवाद के मुताबिक तेंदुआईकला उपकेंद्र से गिरैया बाजार, कम्हरिया, निकसपुर, जहांगीरगंज फीडर से करीब एक लाख आबादी को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बुधवार की रात से लेकर बृहस्पतिवार पूरे दिन ट्रिपिंग के चलते बिजली न रहने से उपभोक्ता भीषण गर्मी में लोग हलकान रहे।
ओवरलोड के चलते हो रही समस्या
भीषण गर्मी में बिजली घर ओवरलोड होने से ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। फाल्ट होने पर बिजलीकर्मियों को भेजकर उसे ठीक कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील है कि बिजली से चलने वाले जरूरी उपकरणों का ही प्रयोग करें। अयोध्या मार्ग पर फाॅल्ट को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता