अंबेडकरनगर। जिले में शनिवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। जिला अस्पताल में अंडरग्राउंड केबल बॉक्स में खराबी के कारण बिजली गुल हो गई। वहीं, तेज बारिश के चलते शहर और 70 से अधिक गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। टांडा में एक खराब ट्रांसफार्मर तीन दिन से नहीं बदला जा सका है।
जिला अस्पताल में सुबह 10:15 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई। ओपीडी के कई कक्षों में अंधेरा छा गया, जिससे मरीज और तीमारदार उमस भरी गर्मी में परेशान रहे। अस्पताल प्रशासन ने जनरेटर चलाया, लेकिन वह पूरा लोड नहीं ले सका। इसके कारण हर दस मिनट में ट्रिपिंग होती रही। चिकित्सकों को भी अंधेरे में काम करना पड़ा। जांच कार्य भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। हालांकि, जनरेटर से सीटी स्कैन, पैथोलॉजी और डिजिटल एक्सरे जैसी आवश्यक सेवाएं जारी रहीं। महमदपुर फीडर से होने वाली आपूर्ति इंजीनियरिंग कॉलेज के पास फाल्ट के कारण बाधित हुई थी। करीब दो घंटे बाद दोपहर 12 बजे वीआईपी फीडर से लाइन जोड़कर आपूर्ति बहाल की गई।
शनिवार तड़के हुई तेज बारिश से जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति चरमरा गई। साउथ वेस्ट, पटेलनगर, कुर्की, सदरपुर, टाउन और कंपोजिट फीडर अचानक ट्रिप हो गए। इससे शहर सहित 70 से अधिक गांवों में बिजली ठप हो गई। मरैला बिजली घर से संचालित शहजादपुर की आपूर्ति पेड़ों की कटाई के कारण दो घंटे बंद रही। शुक्रवार की रात से ही मरैला क्षेत्र में बिजली कटौती को लेकर आक्रोश था।
ग्रामीण क्षेत्रों में रात भर ट्रिपिंग
टांडा के धौरहरा फीडर से जुड़े कई गांवों में पूरी रात ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। इनमें बराहिमपुर, बेलहरी, गौरागुजर, बसावनपुर, तेंदुआ, पियारेपुर, किशुनपुर और चंदौली शामिल हैं। इस कारण ग्रामीण रात भर सो नहीं सके। जलालपुर, आलापुर और भीटी जैसे इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई। अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश से हुए फाल्ट ठीक कर दिए गए हैं।
टांडा में नहीं बदला ट्रांसफार्मर
सुलेमपुर में विद्युत वितरण खंड टांडा के 132 उपकेंद्र का 63 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर तीन दिन से खराब है। इसे अभी तक बदला नहीं जा सका है। इससे करीब 100 गांव की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुलेमपुर, हीरापुर, डुहिया, पुलिस चौकी, धागा मिल, पुंथर और मोहनगंज के छह फीडर क्षेत्र प्रभावित हैं। किसान और कुटीर उद्योग धंधों पर भी इसका असर पड़ रहा है। एसडीओ ट्रांसमिशन आरपी पाठक ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलवाने की कार्रवाई चल रही है, एक-दो दिनों में बदल दिया जाएगा।