अंबेडकरनगर। कोटवा महमदपुर उपकेंद्र पर 63 एमवीए के फुंके ट्रांसफार्मर को सात दिन बाद भी बदला नहीं जा सका है। इसके चलते करीब डेढ़ लाख आबादी बिजली कटौती और लोवोल्टेज से परेशान है।
कोटवा महमदपुर उपकेंद्र में लगा 63 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर 27 अगस्त को फुंक गया। इसके चलते अकबरपुर, जमुनीपुर, अशरफपुर बरवां, महरुआ, भीटी, बेवाना, मिझौड़ा, इल्तिफातगंज उपकेंद्र क्षेत्र की करीब डेढ़ लाख आबादी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जिले में 63 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति शुरू कराई गई लेकिन अघोषित कटौती के कारण लोगों की परेशानी दूर नहीं हो पार रही है। लोवोल्टेज की समस्या भी बनी है।
उपकेंद्र के अभियंताओं ने नया ट्रांसफार्मर आते ही आपूर्ति सामान्य होने का भरोसा दिया। हफ्ते भर बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं आ सका है। वाराणसी से नया ट्रांसफॉर्मर आने में दो दिन का समय लगने की बात कही जा रही है। इस बीच पुराने फुंके ट्रांसफार्मर को हटाने के साथ अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वर्जन
जल्द सामान्य होगी आपूर्ति
फुंके ट्रांसफार्मर को हटाया जा रहा है। वाराणसी से 63 एमवीए क्षमता का ट्रांसफॉर्मर एक-दो दिन में पहुंच जाएगा। उसे लगाकर आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
-रामप्रकाश पाठक, सहायक अभियंता