बसखारी (अंबेडकरनगर)। मकोइया उपकेंद्र के छह फीडर से शनिवार रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते लगभग 40 हजार आबादी करीब 10 घंटे बेहाल रही। रविवार सुबह आठ बजे आपूर्ति शुरू होने के बाद लोगों को राहत मिल सकी।
गर्मी में मांग बढ़ने के साथ उपकेंद्रों के उपकरण लगातार खराब हो रहे हैं। शनिवार रात करीब 10 बजे टांडा उपकेंद्र में तकनीकी गड़बड़ी आ गई। इसके चलते आलापुर विद्युत वितरण खंड से जुड़े मकोइया उपकेंद्र के शुकुलबाजार, बरियावन, बसखारी, किछौछा, हंसवर और नसीरपुर फीडर से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इससे कोतूपुर, भटपुरवा, बसखारी, हरैया, किछौछा, गयासपुर, गोपालपुर, शुकुलबाजार, मसड़ा, बेलापरसा समेत कई गांवों की लगभग 40 हजार आबादी गर्मी में पूरी रात बेहाल रही। कोतूपुर के चंद्रभूूषण त्रिपाठी और भटपुरवा के रवि तिवारी ने बताया कि जर्जर उपकरणों के सहारे हो रही आपूर्ति आए दिन बाधित हो जाती है। आलापुर के अधिशासी अभियंता एचपी मिश्र ने बताया कि रविवार सुबह गड़बड़ी दूर की गई। इसके बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई है।