अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को बिजली कटौती ने नया रिकॉर्ड बना डाला। सुबह 7 से शाम 6 बजे तक कुल 12 बार बिजली कटी। 11 घंटे की इस अवधि में ही 5 घंटे का बिजली संकट शहरवासियों ने झेला। इसके अलावा देर रात तक होने वाला व्यवधान इससे अलग है। यह हाल तब है, जब जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश है। हालांकि इसकी जानकारी अमर उजाला ने अधिशाषी अभियंता वीके पटेल को दी तो वे मरैला विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण करने पहुंच गए। कहा कि मैं निजी तौर पर शहजादपुर की विद्युत आपूर्ति पर नजर रखूंगा।
कई दिनों से जबरदस्त बिजली संकट से जूझ रहे जिला मुख्यालय ने मंगलवार को बिजली कटौती का नया रिकॉर्ड बना डाला। सुबह 7 बजे से आपूर्ति में व्यवधान का दौर शुरू हो गया। मंगलवार को गर्मी और उमस भी खूब थी। इसी के बीच सुबह होते ही बिजली ने उपभोक्ताओं का साथ छोड़ना शुरू कर दिया। दोपहर तक इतनी ज्यादा बार बिजली कटी कि उपभोक्ता आजिज हो गए। कई बार तो दो से 10 मिनट के भीतर ही बिजली कट जाती रही। हालत इतनी खराब रही कि शाम 6 बजे समाचार प्रेषण के समय तक कुल 12 बार बिजली कटी।
इसमें शहजादपुर को 5 घंटे से अधिक समय तक दिन में बिजली नहीं मिल पाई, जबकि शासन की तरफ से जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली का निर्देश है। कोरोना के इस दौर में जब तमाम नागरिक होम आइसोलेशन में हैं तब बिजली का संकट उनकी मुश्किल और ज्यादा बढ़ा रहा है। घरों की दिनचर्या से लेकर दुकानों पर कारोबार तक प्रभावित हो रहा है।
मंगलवार को इस व्यवधान से उपभोक्ता त्रस्त हो गए। अमर उजाला ने उपभोक्ताओं की पीड़ा समझते हुए सुबह से दोपहर तक हुई कटौती का ब्यौरा अधिशाषी अभियंता वीके पटेल को उपलब्ध कराया। उन्होंने इसे प्राथमिकता पर लिया और कुछ देर बाद ही शहर से दूर मरैला विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। वहां उन्होंने निरीक्षण कर कहा कि आपूर्ति में बेहतरी सुनिश्चित की जाए।
सुधार के दिए निर्देश
नगर के शहजादपुर में व्यवधान अब दूर होगा। बीते दिनों केबल खराब होने पर मैंने खुद मौके पर जाकर काम में तेज करवाया था। आज मरैला उपकेंद्र का जायजा लेकर कई सुधार के निर्देश दिए। शटडाउन का समय तय कर दिया है। बुधवार को टेस्टिंग टीम भी आ रही है। इन सब प्रयासों का बेहतर नतीजा सामने आएगा। अकबरपुर उपकेंद्र में भी जरूरी सुधार तय किये जा रहे हैं।
- वीके पटेल, अधिशाषी अभियंता अकबरपुर