अंबेडकरनगर। इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक जज प्रवीण कुमार गिरि सोमवार सुबह जनपद न्यायालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न न्यायालयों का निरीक्षण किया और न्यायिक अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने वादकारियों व अधिवक्ताओं की समस्याएं सुनीं।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव, सचिव अरविंद कुमार त्रिपाठी के अलावा पूर्व अध्यक्ष तारा कांत त्रिपाठी, त्रिभुवन नाथ पांडेय, इंद्रमणि शुक्ल, सुरेंद्र नाथ यादव, देवेंद्र प्रताप सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर पांच सूत्री स्म़ृति पत्र सौंपा। अध्यक्ष ने प्रशासनिक जज से बताया कि न्यायालय में छह एडीजे की आवश्यकता हैं, लेकिन इसके सापेक्ष केवल तीन एडीजे की तैनाती है। इनकी संख्या बढ़ाई जाए, ताकि न्यायिक कार्य में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। जनपद न्यायालय परिसर के पूर्वी दीवार पर स्थित बंद छोटे गेट को खोलने, मोटर दुर्घटना प्रतिकर न्यायालय की स्थापना की मांग उठाई गई। परिसर में बैंक, एटीएम और पोस्ट ऑफिस की व्यवस्था कराने का भी प्रस्ताव रखा गया। जिला जज के निर्देश पर प्रधान डाक घर के अधिकारियों ने तीन दिनों के भीतर पोस्ट ऑफिस संचालन को लेकर कार्रवाई शुरू की है। इसके अलावा जल्द ही बैंक व एटीएम लगने का आश्वासन दिया गया।