महरुआ। उप डाकघर महरुआ में तीन दिन पूर्व कम्प्यूटर सिस्टम फार्मेट होने से ग्राहकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन से ग्राहक विभिन्न कार्यों से उप डाकघर पहुंच रहे, लेकिन कार्य नहीं हो पा रहा। जमा व निकासी का कार्य ठप है। इससे ग्राहकों को मायूस होकर घर लौटना पड़ रहा है। ग्राहकों ने बताया कि आये दिन उप डाकघर में कोई न कोई गड़बड़ी होती रहती है। इसके बावजूद व्यवस्था को सुचारु कराने की फिक्र जिम्मेदारों को नहीं रहती।
बीते दिनों महरुआ उपडाक घर में राउटर जल जाने से ग्राहकों को व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। तमाम शिकायतों के बाद गड़बड़ी दूर हो सकी थी। इसके बाद ग्राहकों ने राहत की संास ली। करीब एक सप्ताह बाद इस बीच तीन दिन पूर्व उप डाकघर में कम्प्यूटर सिस्टम फार्मेट होने से लेनदेन समेत तमाम कार्य ठप पड़ गए। यहां तक कि जमा व निकासी भी नहीं हो सकी। नतीजा यह है कि ग्राहक प्रतिदिन विभिन्न कार्यों से उप डाकघर पहुंच रहे, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा। जरूरी कार्यों के लिए तमाम ग्राहकों को अकबरपुर प्रधान डाकघर तक चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्राहकों का कहना है कि आये दिन उप डाकघर में कोई न कोई गड़बड़ी उत्पन्न होती रहती है।
इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यवस्था को सुचारु करने की कोई सुध नहीं है। इसके अतिरिक्त उप डाकघर में प्रिंटर न होने के चलते रजिस्ट्री का कार्य भी अवरुद्ध है। रजिस्ट्री कार्य के लिए उप डाकघर में एक कर्मचारी को नियुक्त किया गया है, जो दिन भर रजिस्ट्री को कलेक्ट करता है। इसके बाद जिला मुख्यालय पहुंचकर रजिस्ट्री कार्य को सम्पन्न कराता है। ग्राहक मनोज, शिवशंकर आदि का कहना है कि प्रिंटर न होने से रजिस्ट्री का कार्य बाधित है। इस तरफ कोई ध्यान दिया गया होता तो शायद कुछ प्रबंध होता। पोस्टमास्टर कमलेश ने बताया कि समस्या से विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही समस्या को दूर करा लिया जाएगा।