जहांगीरगंज। शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगाए जाने से 32 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का संचालन पूरी तरह से बंद होने के आसार हैं। इन विद्यालयों का समस्त स्टाफ जनगणना प्रशिक्षण में व्यस्त है, जिससे आगामी माह में कार्य शुरू होने पर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
अधिकारियों ने इस पर जल्द ध्यान न दिया, तो हजारों बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। अध्यापकों को समूह के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आगामी माह में जनगणना कार्य शुरू हो जाएगा। विकासखंड के कुल 32 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में समस्त स्टाफ की ड्यूटी जनगणना के लिए लगाई गई है। इसके लिए शिक्षकों को बारी-बारी से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति बनी हुई है।
इससे नामांकित बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होने की आशंका है। इन विद्यालयों में पढ़ाई कैसे होगी व बच्चों के भविष्य पर क्या असर होगा, इसे उच्च अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। बीईओ संतोष पांडेय ने बताया कि यह मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। जल्द फैसला लिया जाएगा।
शासन पर पड़ेगा अतिरिक्त खर्च का बोझ : शिक्षा क्षेत्र के अंतर्गत 32 विद्यालय के समस्त स्टाफ की ड्यूटी जनगणना के लिए लगाए जाने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। अगर इन विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों की ड्यूटी हटाई गई, तो फिर से नए स्टाफ को खोज कर ड्यूटी लगानी पड़ेगी और उन्हें दोबारा अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे शासन पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ेगा।