अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर से सटे बरधाभिउरा गांव में एक युवक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शनिवार को समूचे गांव को ही सील कर दिया गया। एक दिन पहले शुक्रवार को सिर्फ उस क्षेत्र को सील किया गया था, जिस क्षेत्र में कोरोना संक्रमित युवक मिला था। उधर, शनिवार को एक तरफ जहां गांव को सैनिटाइज करने का कार्य शुरू हुआ, वहीं स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने गांव पहुंचकर सर्वे का भी कार्य प्रारंभ कर दिया।
गौरतलब है कि अकबरपुर तहसील अन्तर्गत बरधाभिउरा गांव में मुंबई से आए एक युवक के कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट सामने आई थी। रिपोर्ट आने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र में बैरीकेडिंग कर सील कर दिया था। सीएमओ के निर्देश पर गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित युवक के संपर्क में आए 9 ग्रामीणों को क्वारंटीन के लिए क्वारंटीन केंद्र नवोदय विद्यालय भेजकर सभी के ब्लड का नमूना जांच के लिए भेज दिया था। कोरोना का संक्रमण गांव में न फैले, इसके लिए शनिवार को समूचे गांव को सील कर दिया गया। गांव की तरफ जाने वाले सभी छह मार्ग पर बैरीकेडिंग कर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया।
सीएमओ डा. अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार को भी गांव को सैनिटाइज किए जाने का कार्य जारी रहा। फायर ब्रिगेड की टीम ने गांव पहुंचकर गांव की गलियों व घरों के बाहरी भाग को सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने गांव पहुंचकर सर्वे का कार्य भी प्रारंभ कर दिया।