अकबरपुर पॉलिटेक्निक परिसर में बनकर तैयार नया भवन।
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के छत्रपति शाहूजी महाराज पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने वाले विद्याथियों को पठन-पाठन का सुविधाजनक माहौल मिलने की उम्मीद पूरी हो गई है। कॉलेज के पिछले हिस्से में नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। जल्द ही उसमें बच्चे पढ़ाई करते नजर आएंगे। पॉलिटेक्निक कॉलेज में इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस व इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी के चार ट्रेड की पढ़ाई होती है। प्रत्येक ब्रांच में 75 बच्चों का एडमिशन है।
ऐसे में सभी वर्गों के बच्चों की संख्या 766 के आसपास है। काॅलेज की पुरानी बिल्डिंग में पर्याप्त जगह न होने के कारण बच्चों को पढ़ाई में असुविधा हो रही थी। इसे देखते हुए एआईसीटीई से अनुमति के बाद नौ करोड़ की लागत से नए भवन का निर्माण कराया गया। इस बिल्डिंग का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद ने किया। इस बीच काॅलेज में बिल्डिंग बनकर तैयार है। हालांकि कुछ अड़चनों के कारण अभी बिल्डिंग हैंडओवर नहीं हो पाई है। इसे लेकर कॉलेज के प्राचार्य ने उच्च अधिकारियों से पत्राचार भी किया है। उम्मीद है कि जल्द ही यह बिल्डिंग हैंडओवर कर ली जाएगी। इसके बाद इसका लाभ विद्यार्थियों को मिलने लगेगा।
बिल्डिंग में ये व्यवस्थाएं
कॉलेज परिसर के अंदर डबल स्टोरी बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। इसमें बच्चों के लिए शिक्षण कक्ष के साथ ही वर्कशॉप, प्रयोगशाला, सेमिनार हॉल व कंप्यूटर हॉल आदि बनकर तैयार हो गया है। इसके बनने के बाद अब बच्चों को शिक्षण कार्य में और आसानी होगी।
जल्द कराया जाएगा हैंडओवर
बिल्डिंग को हैंडओवर करने के लिए विभागीय अधिकारियों से पत्राचार किया गया है। जिलास्तरीय कमेटी गठित हो गई है। बिल्डिंग को हैंडओवर करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। - राजेश कुमार सरोज, प्राचार्य