अंबेडकरनगर। अकबरपुर के बरियावन गांव में गरीबों के मकान और दुकानों को दबंगों द्वारा ढहाए जाने के मामले ने जिले की राजनीति गरमा दी है। राजनीतिक दलों ने घटना पर आपत्ति जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विपक्षी दलों ने सरकार और प्रशासन पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन करे कार्रवाई
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल ने कहा कि ग्रामीणों के बनाए मकान और दुकान जबरन गिराना गलत है। जिसने भी यह किया, उसकी जांच कर पुलिस कार्रवाई करे। गलत निर्माण होने पर उसे हटाने के कानूनी तरीके हैं, उन्हें अपनाया जाना चाहिए था।
सत्ता व किसी बड़े अधिकारी का हाथ
सपा जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव ने आरोप लगाया कि निजी लोगों द्वारा ग्रामीणों के मकान गैरकानूनी तरीके से ध्वस्त किए गए। कहा कि इस मामले में सत्ता पक्ष और प्रशासन के किसी बड़े अधिकारी का हाथ है। उनके बिना रात में मकान-दुकान ढहाना संभव नहीं था।
हो कड़ी कार्रवाई
बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत ने कहा कि रात के अंधेरे में गरीबों के मकान गिराना गलत है। यदि लोग गलत तरीके से काबिज थे तो जिला प्रशासन राजस्व विभाग की मदद से कानूनी कार्रवाई करता। घटना में शामिल सभी दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था
कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि सड़क किनारे जेसीबी से गरीबों के आशियाने ढहाए जाने से जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करें।
.दिलीप देव पटेल। संवाद
.दिलीप देव पटेल। संवाद
.दिलीप देव पटेल। संवाद