अंबेडकरनगर। जिले में रविवार से शुरू हो रहे पल्स पोलियो अभियान के तहत पांच वर्ष तक के 3,03,516 बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। पहले दिन 1,765 बूथों पर खुराक दी जाएगी, जबकि 23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।
अभियान की सफलता और जन-जागरूकता के लिए शनिवार को सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने सीएचसी अकबरपुर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तहसील तिराहा, फव्वारा तिराहा और शहजादपुर होते हुए सीएचसी मीरानपुर पहुंचकर समाप्त हुई इस रैली में एसीएमओ डॉ. रामानंद सिद्धार्थ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मारकंडेय प्रसाद, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. सर्वेश, एचईओ एनसीराम सहित आशा व आशा संगिनी शामिल रहीं। इस दौरान सीएमओ ने लोगों से अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की।
अभियान को सफल बनाने की अपील
जहांगीरगंज। पल्स पोलियो अभियान के तहत सीएचसी जहांगीरगंज में जागरूकता रैली निकाली गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. उदयचंद यादव के नेतृत्व में रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से शुरू होकर जहांगीरगंज तिराहा मार्ग पर समाप्त हुई। रैली में दो बूंद जिंदगी के लिए जरूरी बताते हुए लोगों से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की गई। इससे पूर्व सीएचसी प्रभारी ने कहा कि अभियान को सफल बनाने में आशा, आंगनबाड़ी व एएनएम की अहम भूमिका के साथ हर सामाजिक व्यक्ति का योगदान जरूरी है।