पुलिस लाइन में प्रशिक्षण लेते रिक्रूट आरक्षी। पुलिस मीडिया सेल
अंबेडकरनगर। जिले की पुलिस को आगामी सप्ताह में आधुनिक पुलिसिंग और नए आपराधिक कानूनों में माहिर 402 नए आरक्षी मिल जाएंगे। इनमें 78 महिला और 324 पुरुष आरक्षी शामिल होंगे। पुलिस लाइंस में पासिंग आउट परेड की युद्ध स्तर पर तैयारी चल रही है।
पुलिस लाइंस में पिछले नौ माह से 363 प्रशिक्षु आरक्षी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, वहीं 79 महिला आरक्षी गोरखपुर में प्रशिक्षण ले रही हैं। इनकी प्रशिक्षण अवधि पूर्ण हो गई है। अब 363 पुरुष आरक्षियों में से 324 को जिले के थानों में, जबकि यहां प्रशिक्षण लेने वाले 39 को बाराबंकी भेजा जाएगा। वहीं, गोरखपुर में प्रशिक्षण ले रहीं महिला आरक्षियों में एक आरक्षी अनुपस्थित चल रही है। ऐसे में वहां से 78 महिला आरक्षी सहित कुल 402 आरक्षियों को जिले के थानों में तैनात किया जाएगा। इसके लिए युद्ध स्तर पर पासिंग आउट परेड की तैयारियां की जा रही हैं।
महिला आरक्षियों की तैनाती से महिला सुरक्षा को और सशक्त बनाएंगी। नए आरक्षियों की तैनाती से जहां पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी, वहीं आम जनता को भी सुरक्षा का बेहतर अहसास होगा। प्रशिक्षण में सोशल पुलिसिंग, साइबर क्राइम से निपटने की तकनीक, सीसीटीएनएस, फोरेंसिक साइंस, फोरेंसिक मेडिसिन और हथियार संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पासिंग आउट परेड के बाद होगी तैनाती
पुलिस लाइन में 363 प्रशिक्षु आरक्षियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा गोरखपुर में 79 महिला आरक्षी भी ट्रेनिंग ले रही है। इन सभी को पासिंग आउट परेड के बाद जिले के थानों में तैनात किया जाएगा।
प्राची सिंह, एसपी