अंबेडकरनगर। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में एक बार फिर से मास्क की अनिवार्यता नए सिरे से लागू कर दी गई है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने सभी नागरिकों को अनिवार्य रूप से मास्क लगाने तथा दो गज की सामाजिक दूरी बनाए रखने का आदेश जारी किया है। सभी मुख्य बाजारों व चौराहों पर तत्काल प्रभाव से मास्क की चेकिंग करने का निर्देश देते हुए कहा गया कि बिना मास्क के पहुंचे ग्राहकों को अब दुकानदार सामान नहीं देंगे। प्रत्येक दुकानदार मास्क लगाकर ही दुकान में मौजूद रहेगा। कोई भी नागरिक बिना मास्क के कहीं भी भ्रमण नहीं करेगा। पुलिस की टीमें लगातार इन निर्देशों का पालन कराएंगी। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ते कोरोना को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने नए सिरे से सख्ती शुरू की है। केंद्र सरकार की ओर से गाइड लाइन का पालन कराने के लिए रविवार को जिला मजिस्ट्रेट सैमुअल पॉल एन ने जरूरी दिशा निर्देश जारी किए। इसमें कहा गया कि दो गज की दूरी, मास्क जरूरी निर्देश का पालन तत्काल प्रभाव से सख्ती के साथ किया जाए। निर्देश में कहा कि अब यदि कोई बगैर मास्क के कहीं नजर आया, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। रविवार को जारी दिशा निर्देश में कहा गया कि महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, केरल व कर्नाटक समेत कई अन्य प्रांतों से यदि कोई जिले में आता है, तो शहरी क्षेत्रों में वार्डवार, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामसभा वार गठित निगरानी समिति द्वारा उन पर नजर रखी जाए।
यदि किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं, तो न सिर्फ उनकी जांच कराई जाए, बल्कि नियमानुसार होम आइसोलेशन में रखा जाए। घर से बाहर निकलने वाले प्रत्येक नागरिक को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। बाजारों व प्रमुख चौराहों पर इस संबंध में विशेष सघन जांच अभियान चलाए जाने का निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि बगैर मास्क वाले उपभोक्ताओं को कोई भी सामान दुकानदारों की ओर से न दिया जाए। साथ ही दुकानदार भी मास्क लगाकर दुकान में बैठें। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरी तरह पालन किया जाए। सरकारी व निजी कार्यालयों में भी अधिकारी, कर्मचारी मास्क लगाएं। मुख्य गेट पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाए। जो भी बाहरी व्यक्ति कार्यालयों में आता है, तो उसका नाम व मोबाइल नंबर जरूर रजिस्टर में नोट करें।
निर्देशों का कड़ाई से पालन कराएं अधिकारी
कोविड-19 को देखते हुए जारी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश डीएम सैमुअल पॉल एन ने अधिकारियों को दिए हैं। कहा गया कि सभी प्रमुख चौराहों पर तत्काल अभियान चलाकर मास्क की चेकिंग की जाए। मास्क न लगाने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई हो। प्रत्येक सार्वजनिक स्थलों, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक प्रतिष्ठान व चौराहों पर समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस एवं नगर निकायों की ओर से संचारी रोग से बचाव के लिए व्यापक रूप से अभियान चलाया जाए। साथ ही लोगों को इस संबंध में जागरूक करें। सभी एसडीएम व पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से भ्रमण कर कोरोना प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन कराने का निर्देश डीएम ने दिया। डॉयल 112 को पेट्रोलिंग कर गाइड लाइन का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया।