अंबेडकरनगर के टांडा में डीएम व एसपी के नेतृत्व में रूटमार्च करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। संवेदनशील माने जाने वाली बुनकर नगरी टांडा में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में सुरक्षा कर्मियों ने विभिन्न मार्गों पर रूट मार्च किया। जगह जगह लोगों से मुलाकात की और शांति बनाए रखने की अपील की।
चेतावनी भी दी गई कि यदि किसी ने गड़बड़ी करने का प्रयास किया, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। उधर, रविवार दिन में ही टांडा नगर में कुछ युवकों ने काली पट्टी बांध कर घूमते देखे गए। हालांकि प्रशासन के रूट मार्च के दौरान ऐसे युवक नहीं दिखे।
एक दिन पहले शनिवार को आए अयोध्या प्रकरण के फैसले व रविवार को बारावफात पर्व को देखते हुए अत्यंत संवेदनशील माने जाने वाले बुनकर नगरी टांडा में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र नगर में ही कैंप किए रहे।
सुबह से ही लोगों के बीच जाकर उनसे शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे थे। आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए मरकजी कमेटी ने जब जुलूस-ए-मोहम्मदी न निकाले जाने का निर्णय लिया, तो प्रशासन ने राहत की सांस ली।
डीएम व एसपी के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी व अर्धसैनिक बल ने विभिन्न मार्गों पर रूट मार्च किया। नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उनसे आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की। साथ ही चेतावनी भी दी गई कि यदि किसी ने गड़बड़ी करने का प्रयास किया, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।