जलालपुर। बसखारी व टांडा थाना क्षेत्र में एक ही रात पशुओं की चोरी के साथ ग्रामीणों को घायल करने की वारदात को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया। 24 घंटे के भीतर ही बदमाशों का पता लगाने में सफलता मिलने के बाद पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात जलालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर फिरोजपुर गांव में छापा मारा। शनिवार को अपराह्न फिर एएसपी अवनीश कुमार मिश्र के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने गांव में छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने कई आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
बदमाशों ने गुरुवार को टांडा व बसखारी थाना क्षेत्र के कई गांवों में पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। इन वारदातों में ग्रामीणों के जाग जाने या फिर विरोध करने पर उन पर हमला कर घायल कर दिया गया। एसपी ने कई टीमों का गठन कर बदमाशों का पता लगाने का निर्देश दिया। 24 घंटे के भीतर ही बड़ी सफलता हाथ लग गई। पुलिस को पता चला कि जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर फिरोजपुर गांव में रहने वाले लोना वर्ग के कुछ बदमाशों ने इन घटनाओं को अंजाम दिया है।
इसके बाद शुक्रवार देर रात कई थानों की फोर्स व पीएसी ने गांव में छापा मारा। शनिवार को फिर से पुलिस टीम गांव पहुंची। एक दर्जन से अधिक थानों के प्रभारी तथा पुलिसकर्मियों ने एक-एक घर में तलाशी ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकप बरामद कर ली। घटना में शामिल बदमाशों को पकड़ कर थाने ले जाया गया है। चोरी गए कई पशुओं के भी बरामद होने की खबर है। उधर, एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि छापा मारा गया है। कुछ सफलता मिली है।
विरोध पर सिखाया सबक
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात जब पुलिस ने छापा मारा तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध करने का प्रयास किया। इससे सभी घरों में छापेमारी नहीं हो पायी। इसके चलते ही शनिवार को पुलिस टीम एएसपी के नेतृत्व में दोबारा पहुंची। पुलिसकर्मियों ने एक एक घर को खंगाला। शुरु किया। भारी संख्या में पहुंचे पुलिसकर्मियों के चलते आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा रहा। बाहरी ग्रामीणों को दूर ही रोक दिया गया। बताया जाता है कि शनिवार को छापे के दौरान पुलिस ने आरोपी ग्रामीणों को कायदे से सबक भी सिखाया। हालांकि पुलिस ने ऐसा कुछ होने से इन्कार किया है।