अंबेडकरनगर। दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद अयोध्या से सटे अंबेडकरनगर जिले को हाई अलर्ट मोड में रखा गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने अपनी पूरी टीम के साथ पटेल नगर तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टांडा, बसखारी की और अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। वाहन चालक के अलावा उसमें सवार लोगों का आईकार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस चेक किया गया। इस दौरान एक पिकअप नंबर बदलकर जाते मिली। उसे कोतवाली भेजा गया है। इसके अलावा, तहसील तिराहा पर शहजादपुर की और से अयोध्या जाने वाले वाहनों की संघन चेकिंग की जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के अलावा होटल और लॉज में पिछले एक सप्ताह के दौरान ठहरने वाले लोगों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि किसी भी वाहन को बिना चेकिंग के नहीं जाने दिया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों के मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।