जानकारी के अनुसार गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अमसिन गांव निवासी मनीराम पुत्र हंसराज कटेहरी शिक्षा क्षेत्र के अजय बाल विद्यामंदिर फत्तेपुर बेलाबाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पुत्री की तबियत इन दिनों खराब है।
पुत्री के आपरेशन के लिए वह बुधवार को बैंक से पैसा निकालने आए थे। उन्होंने कुल 4 लाख 25 हजार रुपए की निकासी के लिए फार्म भरा। कैशियर ने शिक्षकों को 50-50 हजार रुपए की आठ गड्डी व एक 25 हजार रुपए की गड्डी काउंटर पर थमा दी।
बताया जाता है कि शिक्षक के बगल लाइन में एक युवक भी मुंह में गमछा बाधे खड़ा था। वह काउंटर से पैसे उठाकर शिक्षक को देने लगा। पैसा देने के दौरान ही उसने 50 हजार रुपए की एक गड्डी पार कर दी और भाग गया।
शिक्षक बाहर की तरफ भागा लेकिन तब तक वह गायब हो गया। शाखा पर कोई सुरक्षाकर्मी भी तैनात नहीं था। इस पर शिक्षक ने घटना की सूचना शाखा प्रबंधक को देने के साथ ही अहिरौली पुलिस को दी।
अहिरौली पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। एसओ राजेश यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का पता लगाया जाएगा।
--------