अंबेडकरनगर। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से संबद्ध मेटलाइफ बीमा कंपनी में तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में संलिप्त बैंक कर्मी अयोध्या के कोतवाली कैंट के मुलनापुर भीखापुर देवकाली निवासी गौरव दूबे को पुलिस ने बस्ती से मंगलवार की रातगिरफ्तार किया है।
वर्तमान में वह उपशाखा प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक शाखा भिरिया ऋतुराज बस्ती में तैनात था। आरोपी मूलरूप से सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर पेडरिया जीत गांव का रहने वाला है। वर्ष 2021 से जून 2024 तक उपशाखा प्रबंधक के पद पर पीएनबी बैंक शाखा छज्जापुर टांडा में नियुक्त था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि एजेंट उमेर अहमद शाखा के अन्दर बैठता था और आने वाले लोगो का मेट लाइफ इश्योरेंस करता था। उस दौरान उमेर ने बैंक के ग्राहकों से फर्जी तरीके से हस्ताक्षर कराए चेकों के माध्यम से अपने परिजनों व रिश्तेदारों के खातों में ग्राहकों का रुपया ट्रांसफर कराता था और नगद धनराशि निकालता था। उमेर गौरव को चेक से रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने पर 20 प्रतिशत व नगद निकासी करने पर 50 प्रतिशत धनराशि बतौर घूस देता था। सीओ शुभम कुमार ने बताया कि एक बैंक कर्मी को गिरफ्तार किया गया है। कई अन्य के नाम भी प्रकाश में आए हैं। सभी की तलाश की जा रही है।
-