फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विशुनपुर गांव में भी मिली पीएम किसान सम्मान निधि में धांधली

विज्ञापन
विज्ञापन
जलालपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में धांधली का मामला जलालपुर तहसील के विशुनपुर गांव तक पहुंच गया है। इस गांव में भी कक्षा एक से लेकर पांच तक के छात्रों के नाम से विभिन्न बैंकों व डाकघरों में योजना के तहत खाते खोल लिए गए। ग्रामीणों का कहना है कि इन खातों के माध्यम से भी योजना के तहत आने वाले धन की निकासी कर ली गई। इस बीच तहसील क्षेत्र के तमाम अन्य लोगों में हड़कंप का माहौल है। वे आधार नंबर के जरिए ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं उनके नाम से भी तो धोखाधड़ी नहीं की गई।
विज्ञापन

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में एक के बाद एक धांधली बरते जाने का बड़ा खुलासा हो रहा है। इस बारे में अमर उजाला ने किसानों का दर्द उजागर करने के लिए विशेष मुहिम शुरू कर रखी है। सबसे पहले अमर उजाला ने ही इस धांधली को सार्वजनिक किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया है। बीते दिनों मुरवाह व कन्नूपुर गांव में फर्जी ढंग से सम्मान निधि के तहत धांधली बरते जाने की खबर सामने आई थी। इस पर उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी ने एक दिन पहले मुरवाह गांव पहुंचकर जांच की। वहां पर शुरुआती जांच में ही धांधली उभरकर सामने आ गई। उन्हें तीन दिन का मौका जांच पूरी करने के लिए दिया गया है।
इस बीच जलालपुर तहसील में योजना के तहत की गई धांधली का दायरा विशुनपुर गांव तक भी पहुंच गया है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने खुद ही अपने स्तर से जांच कराई तो पता चला कि कई छात्र-छात्राओं के नाम से फर्जी खाते खुलवाकर धन निकासी कर ली गई है। विशुनपुर के कक्षा एक के छात्र आर्यन कुमार, कक्षा चार की कविता, बबिता, मोहित व अवनीश व कक्षा पांच की छात्रा सलोनी के नाम से योजना के तहत खाते खोल लिए गए। इसमें उनके नाम के आधार कार्ड का प्रयोग किया गया है। ये सभी छात्र भूमिहीन हैं और योजना के तहत कतई पात्र भी नहीं हैं। इसके बावजूद उनके नाम से जिस तरह बैंक व डाकघर में खाते खोल दिए गए। उन्हें पूरी आशंका है कि उनके नाम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की रकम हड़प ली गई। विशुनपुर के ग्रामीणों ने मांग की कि योजना के तहत जो भी पात्रता सूची तैयार की गई है, उसका विधिवत सत्यापन कराया जाए, जिससे असली फर्जीवाड़ा सामने आ सके।
विज्ञापन

मुरवाह, कन्नूपुर व विशुनपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत धांधली का मामला सामने आने के बाद तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हड़कंप का माहौल है। आधा दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीणों ने अपने व परिवार के सदस्यों के नाम से बने आधार के जरिए यह पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है कि कहीं उनके नाम से भी तो योजना के तहत खाता खोलकर धन निकासी नहीं कर ली गई। शुक्रवार को अलग-अलग साइबर कैफे आदि पर पहुंचकर ऐसे ग्रामीण हकीकत जाने की कोशिश में जुटे रहे।
विज्ञापन

जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं, उनकी जांच शुरू करा दी गई है। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी हुई तो उसका संज्ञान लिया जाएगा। साथ ही जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
- आरडी बागला, उपकृषि निदेशक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें