अंबेडकरनगर। जिले में बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला बृहस्पतिवार शाम तक जारी रहा। अकबरपुर, भीटी, जलालपुर, टांडा और बसखारी समेत कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई हिस्सों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
अकबरपुर शहर के गांधीनगर, औलियापुर, इंजीनियरिंग कॉलेज के पास, कांशीराम कॉलोनी, जोलहिया और रसूलाबाद वार्ड के कई हिस्सों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। हजपुरा क्षेत्र के मिर्जापुर कोड़रा गांव में भी सड़क पर पानी भरने से राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
सुबह बारिश के बीच स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाज के लिए घर से निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अकबरपुर के गांधीनगर निवासी रमेश वर्मा ने बताया कि सड़क पर पानी भर जाने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। औलियापुर निवासी सुरेश यादव ने कहा कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से तेज बारिश के बाद हर बार ऐसी स्थिति पैदा होती है। हालांकि, लगातार बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। खेतों में पर्याप्त नमी होने से धान समेत खरीफ की फसलों को फायदा हुआ है। जिले में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित
कटघर मूसा में अकबरपुर-जलालपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। मुकेश के अनुसार, पेड़ गिरने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। घंटों की मशक्कत के बाद पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
यात्रियों और मरीजों की बढ़ी परेशानी
अकबरपुर के निबियहवां पोखरा स्थित अस्थायी बस अड्डे में भी पानी भर गया। इससे यात्रियों को बसों तक पहुंचने में परेशानी हुई। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क के साथ दुकानों के सामने भी पानी जमा हो गया। दुकानदार राजेश साहू ने बताया कि दुकान के सामने पानी भरने से कारोबार प्रभावित हुआ। उधर, जलालपुर स्थित सीएचसी नगपुर जाने वाले मार्ग पर जलभराव और गड्ढों के कारण मरीजों व तीमारदारों को परेशानी हो रही है। मनोज यादव ने बताया कि मरीजों को लेकर आने-जाने वालों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है।
अकबरपुर के राबीबहाउद्दीनपुर के इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट रास्ते में भरा पानी। संवाद