गोरखपुर में आयाजित कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता अयोध्या मंडी की टीम के साथ जिले के खिलाड़ी अग
अंबेडकरनगर। गोरखपुर में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल की टीम ने अंडर-19 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। टीम की इस उपलब्धि में अंबेडकरनगर के तीन खिलाड़ियों अभिनय कुमार, तरुण गौड़ और अविनाश पांडेय ने अहम भूमिका निभाई। वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग में अयोध्या मंडल की टीम चौथे स्थान पर रही।
राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज खजूरडीह पहितीपुर में आयोजित मंडलीय प्रतियोगिता के बाद 14 से 17 अक्तूबर तक गोरखपुर में राज्य स्तरीय मुकाबले हुए। इसमें अयोध्या मंडल की टीम में अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी के खिलाड़ियों के साथ अंबेडकरनगर के खिलाड़ियों का भी चयन हुआ था।
अंडर-19 बालक वर्ग में अयोध्या मंडल की टीम ने लीग मुकाबलों में जीत दर्ज करने के बाद क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में भी प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त दी। इसके बाद फाइनल में सहारनपुर मंडल को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह ने बताया कि अंडर-14 बालक वर्ग में भी मंडल की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। इस टीम में जिले के बेलाल अहमद, मोहम्मद आबिद, विजेंद्र और आयुष पाल शामिल रहे।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कौस्तुभ कुमार सिंह ने बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदर्शन के आधार पर जिले के खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में होगा। इससे वे जनपद और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।