अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के पटेलनगर तिराहे व विद्युत उपकेंद्र के निकट गुरुवार को सुबह पेयजल के लिए बिछाई गई अंडरग्राउंड पाइप लाइन फट गई। इससे जल का रिसाव शुरू हो गया। साथ ही संबंधित क्षेत्र के आधा दर्जन मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई।
लगभग तीन घंटे के अथक प्रयास के बाद गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल की जा सकी। इससे करीब 10 हजार आबादी को इस दौरान पेयजल के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर, पाइप लाइन के फटने पर लोगों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जर्जर हो चुकी पाइप लाइन आए दिन खराब होती रहती है। लंबे समय से इसे बदले जाने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
अकबरपुर नगर के पटेलनगर तिराहे व विद्युत उपकेंद्र के निकट सुबह अचानक पेयजल के लिए बिछाई गई अंडरग्राउंड पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे दोनों स्थानों पर पानी का रिसाव प्रारंभ हो गया। कुछ ही देर में संबंधित क्षेत्र में पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में मुश्किलें होने लगी। लोगों की सूचना पर अकबरपुर नगर पालिका परिषद प्रशासन ने कर्मचारियों को मौके पर भेजा। लगभग तीन घंटे के अथक प्रयास के बाद गड़बड़ी को दूर किया जा सका।
गड़बड़ी के चलते इस दौरान लगभग तीन घंटे तक पटेलनगर, बस स्टेशन क्षेत्र, महानगर कॉलोनी, गांधीनगर, इल्तिफातगंज रोड, उसराहवा समेत कई अन्य मोहल्लों की जलापूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। इससे लगभग 10 हजार आबादी को इस दौरान जलापूर्ति से वंचित रहना पड़ा। उधर, अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य ने बताया कि गड़बड़ी हुई थी, जिसे दुरुस्त कराकर जलापूर्ति बहाल कर दी गई।
इस बीच पाइप लाइन के फटने पर संबंधित क्षेत्र के लोगों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। पटेलनगर के राम अकबाल व अभिषेक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक जर्जर हो चुकी पाइप लाइन को बदला नहीं जाएगा, तब तक इस प्रकार की समस्या बनी रहेगी। उसराहवा के शकील व गांधीनगर के सुरजीत ने कहा कि यह कोई पहली बार पाइप नहीं फटी है। इससे पहले भी कई बार इस प्रकार की गड़बड़ी हो चुकी है। लंबे समय से जर्जर हो चुकी पाइप लाइन को बदले जाने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।