अयोध्या मार्ग स्थित कस्बा चौकी के सामने हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहा के निकट शनिवार भोर में मुर्गियों से भरा पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इसमें चालक को मामूली चोटें आईं लेकिन सौ मुर्गियों की झटका लगने से मौत हो गई।
शनिवार भोर में मुर्गियों से भरा पिकअप अयोध्या से अकबरपुर होते हुए बसखारी की तरफ जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह अयोध्या मार्ग स्थित कस्बा चौकी के सामने पहुंचा तो अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। माना जा रहा है कि चालक को नींद आ गई जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। जब तक वह उसे काबू में करने का प्रयास करता तब तक पिकअप सड़क के किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराया।
पुलिसकर्मी व पुराने तहसील तिराहा पर मौजूद कुछ लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला। उसे मामूली खरोंच आई है। बताया जाता है कि झटका लगने से लगभग सौ मुर्गियों की मौत हो गई। कुछ देर बाद दूसरा पिकअप आया जिस पर मुर्गियों को लादकर चालक लेकर चला गया।