अहिरौली के कटेहरी बाजार में सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। संवाद
कटेहरी। अहिरौली के कटेहरी बाजार में तीन वाहनों के बीच हुई भीषण टक्कर में अयोध्या जिले के आनापुर सरैया निवासी गोलू और गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रतापगढ़ से एक कार में सात लोग सवार होकर अयोध्या जिले के अमसिन मठिया गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जब कार कटेहरी बाजार पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप से बचने के प्रयास में कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाई, लेकिन तब तक उसकी कार सामने से गुजर रहे दो बाइक सवारों से जा टकराई। दुर्घटना में बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हेलमेट न पहनने से दोनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों की पहचान अयोध्या जिले के आनापुर सरैया गोलू और गोविंद के रूप में हुई है।
हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों के चालक गाड़ी छोड़ मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप व कार को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया है और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वाहनों की लगी लंबी कतार
अकबरपुर-अयोध्या मुख्य मार्ग के कटेहरी बाजार में सड़क हादसा होने के बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे। तब तक सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई चुकी थी। करीब 30 मिनट की मेहनत के बाद जाम खुल सका।