शुक्रवार को डॉ. आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर प्रदर्शन करते फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी। संगठन
अंबेडकरनगर। लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज डिप्लोमा फार्मासिस्टों ने शुक्रवार को डॉ. आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर धरना दिया। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। धरना डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर आयोजित किया गया।
इसमें जिले के सभी राजकीय चिकित्सालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय में तैनात फार्मासिस्ट, चीफ फार्मासिस्ट और प्रभारी अधिकारी फार्मेसी शामिल हुए।
संघ के जिलाध्यक्ष रविश्याम पटेल ने कहा कि शासन और महानिदेशालय की उदासीनता के चलते फार्मासिस्ट संवर्ग की कई वित्तीय और गैर वित्तीय मांगें लंबित हैं। इनमें पदनाम परिवर्तन, वरिष्ठता सूची जारी करने और उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने की मांग प्रमुख है। उन्होंने कहा कि पूर्व में वार्ता के दौरान आश्वासन मिलने के बावजूद मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी धरना दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि संघ की ओर से मिला ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा।