पेट्रोलपंप एसोसिएशन जिलाध्यक्ष शोएब खान की पांच दिन पूर्व उस समय बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह चार पहिया वाहन से जलालपुर स्थित पेट्रोलपंप जा रहे थे। डीएम व एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया था।
इतना ही नहीं, डीआईजी फैजाबाद रेंज ने भी बीते दिनों घटनास्थल का जायजा लेकर घटना का पर्दाफाश करने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। इस बीच घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक खाली हाथ है। इससे न सिर्फ परिजनों, वरन व्यवसाइयों के बीच आक्रोश फैलता जा रहा है।
घटना का पर्दाफाश न होने से नाराज पेट्रोलपंप एसोसिएशन ने शनिवार से अनिश्चितकालीन पेट्रोलपंप हड़ताल की घोषणा की है। प्रभारी अध्यक्ष शेषकुमार वर्मा ने कहा कि बदमाशों के अब तक न पकड़े जाने से व्यवसाई अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
कहा कि शनिवार 27 जून से न सिर्फ अंबेडकरनगर, वरन फैजाबाद जनपद के सभी पेट्रोलपंप अनिश्चिकतालीन तक बंद रहेंगे। उधर एसपी पंकज ने बताया कि पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।