अंबेडकरनगर। लगातार बढ़ते पेट्रो पदार्थों के दाम वापस लेने व छुट्टा जानवरों को पशुशाला में पहुंचाए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहे से बाइक रैली निकाली। कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रो पदार्थ के दाम बढ़ने से महंगाई चरम पर पहुंच गई है। आमजन के हित को देखते हुए इसे तत्काल वापस लिया जाए। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इसे लेकर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
प्रांतीय आह्वान पर समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ता अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहे के निकट एकत्र हुए। यहां जिलाध्यक्ष प्रद्युम्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। हाथों में स्लोगन लिखीं तख्तियां लिए कार्यकर्ता लगातार पेट्रो पदार्थों के दाम पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे थे। कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार को आम लोगों की कोई परवाह नहीं है। डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस के दाम में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे महंगाई चरम पर पहुंच गई है।
वक्ताओं ने कहा कि छुट्टा जानवर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, मगर मवेशियों को पशुशाला में नहीं पहुंचाया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर विशाल तिवारी, अरविंद, रवि, सलमान, रिकू, अजीत आदि मौजूद रहे।