राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। नवयुवक बजरंग दल कमेटी के नेतृत्व में बुढ़वा मंगल पर नगर पंचायत में गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर सौहार्द व एकता का परिचय दिया। इस दौरान शोभायात्रा में खूब अबीर व गुलाल भी उड़ा।
नगर पंचायत के हनुमानगढ़ी से नवयुवक बजरंग दल के संरक्षक रामकरन के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई जो हनुमानगढ़ी से होते हुए ब्रह्म बाबा स्थान चौक गोपाल बाग तक पहुंचाने के बाद वापस हनुमानगढ़ी पहुंचकर समाप्त हुई। जहां पर शोभायात्रा में मोहम्मद शाहिद ने अपने साथियों के साथ यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत कर एकता की मिसाल पेश की। यात्रा में पूर्व विधायक अनीता कमल ने पहुंचकर महिलाओं को बधाई दी। सुरक्षा की दृष्टि से थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस दौरान विवेक सिंह, मोनू मोदनवाल, रमेश मद्धेशिया आदि रहे।