अंबेडकरनगर महोत्सव में गीत प्रस्तुत करते बॉलीवुड गायक शबाब साबरी। संवाद
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर विकास एवं विरासत महोत्सव में शनिवार की रात बॉलीवुड गायक शबाब साबरी और भोजपुरी गायिका अक्षरा सिंह के गीतों पर लोग झूम उठे। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने के लिए पहुंचे। एक के बाद एक शानदार गीतों की प्रस्तुति देकर कलाकारों के संग दर्शकों ने भी सुर से सुर मिलाए।
अंबेडकरनगर महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर सबसे पहले बॉलीवुड गायक शबाब साबरी पहुंचे तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। शबाब साबरी के साथ आईं गायिका ने तेरे बिना हाय मैं की करां से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद शबाब साबरी मंच पर आए तो एक से एक गाने प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। उन्होंने मेरे रश्क ए कमर तेरी पहली नजर, हुड़ हुड़ दबंग, छाप तिलक सब छीनी मोसे नैना लड़ईके, चप्पा चप्पा चरखा चले जैसे तमाम गीत गाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। शबाब साबरी मंच से उतर कर दर्शक दीर्घा में पहुंच गए और डीएम अविनाश सिंह, उनकी पत्नी रूबी सिंह, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता, समेत तमाम अधिकारियों को अपने साथ थिरकने पर मजबूर कर दिया।
इसके बाद भोजपुरी गायिका एवं अदाकारा अक्षरा सिंह आईं तो पूरे पंडाल के साथ बैरीकेडिंग के किनारे तक लोग उन्हें सुनने के लिए इकट्ठा हो गए। उन्होंने अपने कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना के साथ कर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में गाया तो पूरा कार्यक्रम स्थल जयश्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। भोजपुरी और हिंदी गीत सुनकर दर्शक झूमते रहे। उन्होंने अपना मशहूर गाना बस येही खाती आरा जानी गाया तो लोग तिरक उठे । गीत और संगीत का यह कार्यक्रम आधीरात तक जारी रहा। डीएम ने कलाकारों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।