अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीणांचल तक मंगलवार को बिजली कटौती का दौर जारी रहा। बरवा बैरमपुर बिजली घर से पांच हजार से अधिक आबादी को बिजली आपूर्ति दी जाती है। मंगलवार को अकबरपुर, पटेलनगर, एलआईसी बिजली घर सामान्य चले, लेकिन वीआईपी फीडर पर दिनभर बिजली की लुका छिपी का दौर जारी रहा। शाम पांच बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू होते ही रामसमुझ सूरसती महाविद्यालय बरधा भिउरा के निकट सड़क किनारे से गुजरे बिजली के तार पर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। इसके चलते रतनपुर समेत आसपास के गांव की बिजली गुल हो गई। मंगलवार को बिजली तारों पर लटक रहे पेड़ की टहनियों की कटाई कराई गई। इसके चलते दोपहर दो बजे तक आपूर्ति ठप रहने से बिजली चलित उद्योग धंधों पर कामकाज ठप नजर आया। अधीक्षण अभियंता अनुभव कुमार ने बताया कि जिन स्थानों पर आपूर्ति बाधित थी वहां टीम भेजकर काम कराया जा रहा है।