अंबेडकरनगर। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन आफ इंडिया (एनपीसीआइ) पोर्टल पर डाटा अपडेट न होने से चार हजार दिव्यांगों की पेंशन पर ग्रहण लग सकता है। पेंशन राशि पाने के लिए इन पात्रों को संबंधित बैंकों में अपने खाते को एक सप्ताह में अपडेट कराना जरूरी होगा। अन्यथा 15 अक्तूबर के बाद जारी होने वाली तीन माह की पेंशन धनराशि से वंचित होना पड़ेगा।
जिले में पेंशन पाने वाले दिव्यांग लाभार्थियों की संख्या 16 हजार है। इसमें 12 हजार पात्रों ने अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी को अपडेट करा लिया है। अगले सप्ताह तक जुलाई, अगस्त व सितंबर माह की लंबित पेंशन राशि जारी होनी है। ऐसे में यदि चार हजार पात्रों की जानकारी एनपीसीआई पोर्टल पर अपडेट नहीं हो सकी तो उनकी दिव्यांग पेंशन की राशि अटक जाएगी। विभागीय स्तर पर वंचित पात्रों का खाता अपडेट कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन स्तर से किसी भी तरह की पेंशन राशि का लाभ पाने के लिए एनपीसीआई पोर्टल पर लाभार्थियों की जानकारी सत्यापित होना जरूरी है। आधार कार्ड व बैंक पासबुक के साथ संबंधित बैंकों में जाकर खाते को आसानी से कराया जा सकता है। बैंकों को भी निर्देशित कर दिया गया है कि प्राथमिकता के आधार पर इसे पूरा किया जाए।
जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी प्रतिभा यादव ने बताया कि इसी सप्ताह तीन माह की पेंशन राशि जारी होनी है। ऐसे में जिन लाभार्थियों ने एनपीसीआई पोर्टल पर अपना विवरण अपडेट नहीं कराया होगा, उनकी पेंशन खाते में जमा नहीं हो सकेगी। अपील की कि परेशानी से बचने के लिए तत्काल बैंक में जाकर अपने खाते को अपडेट कराएं।