अंबेडकरनगर। उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग के नतीजों में जिले के आलापुर निवासी कुमार गौरव ने पांचवां स्थान हासिल किया है। इन दिनों बीएसए शाहजहांपुर के पद पर तैनात गौरव द्विवेदी के एसडीएम बनने के साथ टॉप फाइव में आने पर उन्हें व परिजनों को बधाई का तांता लग गया है। इसी परिणाम में अकबरपुर निवासी अजय वर्मा को राज्य संपत्ति विभाग में व्यवस्था अधिकारी बनने का मौका मिला है।
लोक सेवा आयोग के शनिवार को घोषित परिणाम ने पूरे जिले को बड़ी खुशी प्रदान की। आलापुर तहसील के उमरी भवानीपुर निवासी कुमार गौरव ने टॉप टेन सूची में पांचवां स्थान हासिल कर लिया। इन दिनों बीएसए के पद पर तैनात गौरव 2015 में असिस्टेंट कमांडेंट सीआरपीएफ चुने गए थे लेकिन नौकरी ज्वाइन नहीं की। 2019 में सफलता के बाद उन्होंने कुछ दिन नायब तहसीलदार के तौर पर भी काम किया। 2020 में उन्हें बीएसए बनने की सफलता मिली थी। अब मिली नई उपलब्धि के बाद परिवार को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
गौरव के पिता चंद्रप्रकाश द्विवेदी जिले के ही जहांगीरगंज ब्लॉक से बीडीओ के पद से तीन वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। वे गृहिणी पत्नी शकुंतला के साथ गांव में ही रहते हैं। गौरव की बड़ी बहन शशि द्विवेदी वाराणसी के छितमपुर प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका हैं तो दो बड़े भाई में से एक विवेक जिला अस्पताल रायबरेली में ईएनटी सर्जन जबकि दूसरे बृजेश बिहार में पीसीएस अधिकारी हैं।
गौरव की पत्नी योगिता इंजीनियर हैं। गांव से प्रारंभिक शिक्षा लेने वाले गौरव ने प्रयागराज विश्वविद्यालय से स्नातक जबकि जेएनयू दिल्ली से पीजी की डिग्री ली। यहीं से उन्होंने जेआरएफ भी किया। उधर अकबरपुर तहसील के जैनापुर निवासी श्रीनिवास के पुत्र अजय वर्मा को राज्य संपत्ति विभाग में व्यवस्था अधिकारी बनने की सफलता मिली है। अजय ने इंटर की पढ़ाई सरदार पटेल स्मारक इंटर काॅलेज लारपुर और स्नातक की पढ़ाई प्रयागराज विश्वविद्यालय से की।